
हाथरस 02 मई । सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मधुगढ़ी में शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। जिला अस्पताल में उसे मृत घोषित किया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मदीना 45 पत्नी रमजान निवासी सिद्धार्थनगर थाना हाथरस गेट भीख मांगकर गुजारा करती थी। मदीना के पति रमजान ने बताया कि शुक्रवार की रात मदीना घर से निकल गई थी। मोहल्ला मधुगढ़ी में वह अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला ने अपने पीछे छह बच्चे छोड़े हैं। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन शव लेकर चले गए।





















