
हाथरस 02 मई । शहर में स्मार्ट मीटरों की कार्यप्रणाली और बढ़ते बिजली बिलों को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा है। शुक्रवार को शहर के नवीपुर खुर्द क्षेत्र की दर्जनों महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के विरोध में सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने न केवल बिजली घर का घेराव किया, बल्कि आगरा रोड पर जाम लगाकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। मिली जानकारी के अनुसार, नवीपुर खुर्द की रहने वाली महिलाएं आरडी कॉलेज के निकट स्थित बिजली घर पहुँचीं। महिलाओं का उद्देश्य विभागीय अधिकारियों को अपनी समस्याओं से अवगत कराना था, लेकिन वहां किसी जिम्मेदार अधिकारी के मौजूद न होने पर उनका गुस्सा भड़क गया। इसके बाद महिलाएं एकत्रित होकर बस स्टैंड से कुछ आगे आगरा रोड पर पहुँच गईं और बीच सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया।
बढ़ते बिल और अघोषित कटौती से हैं परेशान
जाम लगा रही महिलाओं का आरोप था कि जब से घरों में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली के बिल पहले की तुलना में काफी ज्यादा आ रहे हैं। महिलाओं ने यह भी शिकायत की कि बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली गुल कर दी जाती है, जिससे इस भीषण गर्मी में उन्हें और उनके बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि उनके घरों से स्मार्ट मीटर हटाकर पुनः पुराने मीटर लगाए जाएं।
आधे घंटे तक ठप रहा यातायात
शहर के मुख्य मार्ग आगरा रोड पर जाम लगने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। शहर के बीचो-बीच यातायात ठप होने से राहगीरों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को समझा-बुझाकर और उनकी मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुँचाने का आश्वासन देकर करीब आधे घंटे बाद जाम खुलवाया।


























