Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 02 मई । दिल्ली से निराश लौटे कोसीकलां निवासी जावेद पुत्र इकबाल को के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर की विशेषज्ञ सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. उमा शर्मा ने नया जीवन जीने की आस दी है। कमर के बड़े ट्यूमर की वजह से पूरी नींद न ले पाने वाला जावेद अब चैन से सो सकेगा। के.डी. हॉस्पिटल में लगभग छह घंटे चले ऑपरेशन में मरीज की कमर के दाएं हिस्से से 12 सेंटीमीटर की बड़ी कैंसर गांठ निकाल दी गई है।

कोसीकलां निवासी 37 वर्षीय जावेद को कमर के दांए हिस्से में गांठ होने की जानकारी थी। पहले इस गांठ से उसे कोई दिक्कत नहीं होती थी, लेकिन पिछले दो साल में इस गांठ ने बड़ा रूप ले लिया। पिछले दो-तीन महीने से इस गांठ की वजह से जावेद सोने, कपड़े पहनने तथा सामान्य जीवन जीने में भी असमर्थ हो गया था। परेशानी बढ़ती ही जा रही थी। जावेद की परेशानी बढ़ती देख परिजन उसे इलाज के लिए दिल्ली ले गए। वहां उसकी जांचें हुईं। जांचों से पता चला कि जावेद को कमर की नसों का कैंसर है।

दिल्ली में चिकित्सकों ने सर्जरी की सलाह दी लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर जावेद के परिजन 22 अप्रैल को उसे के.डी. हॉस्पिटल ले आए। विशेषज्ञ सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. उमा शर्मा ने मरीज की पूर्व जांचों का निरीक्षण कर उसकी एमआरआई कराई, जिससे पता चल गया कि उसे नसों का कैंसर ट्यूमर है। डॉ. शर्मा ने परिजनों की सहमति के बाद 25 अप्रैल को चिकित्सकों की टीम के साथ मरीज का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन लगभग छह घंटे चला। इस मुश्किल सर्जरी में सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. उमा शर्मा का सहयोग डॉ. तेजा, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. जयेश, डॉ. मंजू तथा टेक्नीशियन शिवम और शुभम ने किया।

जावेद अब पूरी तरह से स्वस्थ है। उसने कहा कि के.डी. हॉस्पिटल में उसे नई जिन्दगी मिली है। चिकित्सकों ने जिस सेवाभाव का परिचय दिया, उसे मैं ताउम्र नहीं भूल सकता। सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. उमा शर्मा ने बताया कि मरीज में कैंसर का विस्तार कूल्हे और रीढ़ की हड्डी तक पहुंच गया था। हमने ट्यूमर को पूरे मार्जन के साथ हटाया है ताकि भविष्य में मरीज को किसी तरह की परेशानी न हो। डॉ. शर्मा ने कहा कि के.डी. हॉस्पिटल में सुविधाएं मानक स्तर की हैं तथा सर्जिकल टीम की सजगता से यहां किसी भी तरह की सर्जरी 24 घंटे सम्भव है।

के.डी. मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेण्टर के चेयरमैन मनोज अग्रवाल, डीन और प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गगनदीप सिंह, विभागाध्यक्ष सर्जरी डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने जावेद की सफल सर्जरी करने वाली सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. उमा शर्मा तथा उनकी टीम को बधाई देते हुए मरीज के स्वस्थ-सुखद जीवन की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page