हाथरस 30 अप्रैल। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज द्वारा घोषित यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम–2026 में वित्तविहीन विद्यालयों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा है। प्रदेश स्तर पर वित्तविहीन विद्यालयों ने उत्कृष्ट परिणाम देकर शिक्षा क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका को पुनः सिद्ध किया है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट दोनों स्तरों पर वित्तविहीन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम सहायता प्राप्त विद्यालयों की तुलना में बेहतर रहा है। यह दर्शाता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद ये विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
वित्तविहीन विद्यालय प्रदेश के साक्षरता अभियान में अहम योगदान दे रहे हैं, किन्तु उन्हें सरकार द्वारा किसी प्रकार की वित्तीय सहायता प्राप्त नहीं होती। प्रबंधन को शिक्षकों के वेतन एवं अन्य व्यवस्थाओं में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।इस संदर्भ में आर पी शर्मा जिलाध्यक्ष वित्तविहीन शिक्षक महासभा जनपद हाथरस ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध किया गया है कि वित्तविहीन विद्यालयों को प्रोत्साहन स्वरूप वित्तीय सहायता प्रदान की जाए। प्रस्तावित योजना के अनुसार प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों पर ₹5000, द्वितीय श्रेणी पर ₹4000 तथा तृतीय श्रेणी पर ₹3000 प्रति छात्र की दर से सहायता दी जाए। इस पहल से विद्यालयों में शिक्षकों का मनोबल बढ़ेगा तथा भवन एवं शैक्षिक संसाधनों का विकास संभव हो सकेगा। साथ ही, यह कदम शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध होगा।





















