
हाथरस 29 अप्रैल । जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने और प्रभावित क्षेत्रों की प्रभावी निगरानी के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्टीयरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए संसाधनों की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित कर ली जाए। उन्होंने सिंचाई और राजस्व विभाग को नदियों के जलस्तर की नियमित मॉनिटरिंग और तटबंधों की मरम्मत समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को जीवन रक्षक दवाओं के भंडारण और पशुपालन विभाग को चारे की व्यवस्था करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि नाव, मोटरबोट और लाइफ जैकेट जैसे बचाव उपकरण क्रियाशील अवस्था में रहें और ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सतर्क किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और संवेदनशील क्षेत्रों की सूची तैयार कर तत्काल राहत पहुंचाने की कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित सिंचाई, विद्युत और अन्य संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे।

























