
हाथरस 29 अप्रैल । जनपद में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ और प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में सिंचाई विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए नहरों की सफाई और मरम्मत का कार्य समय से पूर्ण कर टेल (अंतिम छोर) तक पानी पहुँचाना सुनिश्चित किया जाए। ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर उन्होंने सभी संबंधित खण्डों को जनपद के तालाबों में पानी भरवाने तथा वर्षा ऋतु से पूर्व जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नहरों और नदियों में गिरने वाले दूषित जल की समस्या पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर निकायों को आपसी समन्वय से स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि बिना उपचारित जल को सीधे नदियों में प्रवाहित करना पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक सहित सिंचाई और विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

























