Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 अप्रैल । उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन अंतिम पाली में पुलिस ने एक संदिग्ध अभ्यर्थी को हिरासत में लिया है। शहर के पीसी बागला डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्र पर फर्जी पहचान पत्र के आधार पर परीक्षा देने के आरोप में एटा निवासी युवक को पकड़ा गया है। युवक के पास से एक ही नाम के लेकिन अलग-अलग विवरण वाले कई पहचान पत्र बरामद हुए हैं। शाम की पाली में परीक्षा के दौरान पर्यवेक्षकों को एक युवक पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसने अपना नाम धर्मपाल उर्फ धर्मेंद्र निवासी जलेसर (एटा) बताया। पुलिस को पहले से सूचना मिली थी कि केंद्र पर कोई अभ्यर्थी फर्जी आईडी का उपयोग कर रहा है। शुरुआती जांच में जब युवक का बायोमैट्रिक मिलान किया गया, तो वह सही पाया गया और वह अपने सही नाम-पते पर ही परीक्षा दे रहा था। असली खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने युवक के मोबाइल फोन की गहनता से जांच की। मोबाइल के गैलरी और दस्तावेजों में धर्मेंद्र नाम के ही तीन अलग-अलग आधार कार्ड मिले, जिनमें आधार नंबर और पिता के नाम अलग-अलग दर्ज थे। इसके अतिरिक्त, पुलिस को उसके पास से अलग-अलग विवरण वाले पैन कार्ड भी प्राप्त हुए हैं।

सॉल्वर गैंग से जुड़े होने की आशंका

एक से अधिक फर्जी पहचान पत्र मिलने के बाद पुलिस को अंदेशा है कि युवक किसी ‘सॉल्वर गैंग’ का हिस्सा हो सकता है और अन्य स्थानों पर दूसरे के नाम पर परीक्षा देने की योजना बना रहा था। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक से अधिक फर्जी पहचान पत्र रखने और धोखाधड़ी के आरोप में युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन फर्जी दस्तावेजों का उपयोग किन-किन परीक्षाओं में किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page