
सासनी 26 अप्रैल । अलीगढ़-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार दोपहर एक लोडर चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से असामयिक मौत हो गई। मृतक चालक बुलंदशहर से सामान लेकर आगरा जा रहा था। जानकारी के अनुसार, संजय (पुत्र गुलाब सिंह), निवासी अमीननगर (नई जेल के पास), सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर, रविवार को अपनी कंपनी ‘रोलेन्स बायोटेक’ से सामान लादकर आगरा के लिए निकला था। दोपहर के समय जब वह सासनी के निकट इंद्राणी गार्डन के पास पहुँचा, तो अचानक उसे बेचैनी महसूस होने लगी और उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ती देख संजय ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इसकी जानकारी फोन पर अपनी कंपनी के अधिकारियों और परिजनों को दी। मौके पर मौजूद राहगीरों की सूचना पर सासनी पुलिस भी पहुँच गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सासनी ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। चालक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।






















