
हाथरस 26 अप्रैल । स्थानीय नया मिल कैंपस स्थित बालाजी महाराज मंदिर में ‘पहला सुख निरोगी काया’ के ध्येय के साथ 15 दिवसीय निःशुल्क योग एवं सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आगाज मातृशक्ति द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर योग के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया गया कि शरीर ही सभी कर्तव्यों को पूरा करने का प्रथम साधन है, इसलिए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अनिवार्य है। 15 दिनों तक चलने वाले इस शिविर में विभिन्न योगाचार्यों द्वारा साधकों को योग, प्राणायाम और व्यक्तित्व निर्माण के गुर सिखाए जाएंगे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे प्रतिदिन योग शाखा में उपस्थित होकर न केवल अपने शरीर को स्वस्थ बनाएं, बल्कि योग के माध्यम से चरित्र निर्माण के संकल्प को भी सिद्ध करें। शिविर में स्वयंसेवकों को विशेष रूप से योग शिक्षक के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि वे समाज में स्वास्थ्य का अलख जगा सकें।




















