सिकंदराराऊ 25 अप्रैल । थाना क्षेत्र के गांव नगला मसंद में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल, श्रद्धेय बाबूजी श्री कल्याण सिंह जी की प्रतिमा को कुछ अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का अत्यंत दुखद मामला सामने आया है। इस घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक श्री बीरेंद्र सिंह राणा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामवासियों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने इस कृत्य की घोर निंदा करते हुए इसे केवल एक प्रतिमा को नुकसान पहुँचाना नहीं, बल्कि जनमानस के गौरव और विचारधारा पर आघात बताया। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।
विधायक बीरेंद्र सिंह राणा ने मौके पर ही घोषणा की कि शीघ्र ही श्रद्धेय बाबूजी की नई प्रतिमा पूर्ण गरिमा के साथ स्थापित कराई जाएगी और उस स्थल का समुचित सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, ताकि वह एक प्रेरणादायक स्थान के रूप में विकसित हो सके। इस दौरान सचिन दीक्षित, जितेन्द्र राजपूत, नितिन पुंढीर, लोकेश जादौन, योगेश परमार, प्रवेश परमार, योगेंद्र राजपूत, शिव सिंह लोधी, शैलेश राघव, सुरेश चौहान, संजय कुमार, रमेशचंद्र लोधी, संतोष लोधी, होडिल सिंह, अरविन्द लोधी, महेश चन्द्र लोधी और गजेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।























