
हाथरस 25 अप्रैल । मानवाधिकारों के संरक्षण और सामाजिक सेवा में अग्रणी संस्था ‘एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स’ (ADHR) ने एक बार फिर मानवता का परिचय देते हुए एक अज्ञात बुजुर्ग महिला के शव का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार कराया। जानकारी के अनुसार, बीते 22 अप्रैल को थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अंतर्गत सोखना फाटक के पास रेलवे लाइन पर एक करीब 80 वर्षीय महिला का शव मिला था। पुलिस द्वारा 72 घंटे तक शिनाख्त के प्रयास करने के बावजूद पहचान न होने पर शव को लावारिस घोषित कर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुरोध पर समाजसेवी सुनीत आर्य और प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में शव का अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें निस्वार्थ सेवा संस्थान (NSS) के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल का पूर्ण सहयोग रहा। इस पुनीत कार्य के दौरान राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय, सुनीत आर्य, सुनील अग्रवाल, आयोग दीपक, बंटी भाई, नीरज गोयल, दीपांशु वार्ष्णेय, अंकित कुमार सहित पुलिस विभाग से कांस्टेबल अतुल जनमेदा और महिला कांस्टेबल श्वेता चौधरी उपस्थित रहे। समाजसेवियों की इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही है।























