Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 22 अप्रैल । विकासखंड क्षेत्र के गांव कौंडरा में भ्रष्टाचार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ राजस्व विभाग के एक कर्मचारी द्वारा भू-प्रकरण के विवाद को सुलझाने के नाम पर अवैध धन उगाही का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में ग्राम पंचायत बकायन के हल्का लेखपाल प्रेमपाल सिंह एक कमरे में बैठे नजर आ रहे हैं, जहाँ संजय प्रजापति नामक युवक उन्हें पांच-पांच सौ के नोट गिनकर दे रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि राजस्व कर्मी रुपये लेने के बाद उन्हें सीधे अपनी जेब में रख लेते हैं। बताया जा रहा है कि यह प्रकरण कौंडरा निवासी संजय प्रजापति और कस्बा हसायन के रमेश प्रजापति के बीच चल रहे ज़मीन विवाद से जुड़ा है। जब इस संबंध में आरोपी राजस्व कर्मी से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वहीं, तहसील सिकंदराराऊ के उपजिलाधिकारी (SDM) संजय सिंह ने मामले पर अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वीडियो की सत्यता की जाँच कर दोषी कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हालांकि वीडियो कुछ समय पुराना बताया जा रहा है, लेकिन इसके सार्वजनिक होने से तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page