
हाथरस 22 अप्रैल । जनपद में 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा उच्च जोखिम वाले गाँवों में आयुष्मान शिविर लगाकर अत्याधुनिक हैंड हेल्ड एक्सरे मशीनों से टीबी की निःशुल्क जाँच की जा रही है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. प्रवीन कुमार भारती ने बताया कि इन पोर्टेबल मशीनों के जरिए मौके पर ही एक्सरे रिपोर्ट मिल जाती है, जिससे बीमारी का तत्काल पता चल रहा है। 6 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 तक आयोजित 23 आयुष्मान शिविरों में कुल 2037 लोगों (949 पुरुष व 1088 महिलाएं) का एक्सरे किया गया, जिनमें से 11 पॉजिटिव पाए गए रोगियों का उपचार तत्काल शुरू कर दिया गया है।
अभियान के तहत आशा, आंगनवाड़ी और सीएचओ घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। जिन लोगों में टीबी नहीं मिल रही, उन्हें भविष्य की सुरक्षा के लिए साय-टीबी (Cy-TB) का टीका लगाया जा रहा है। शिविरों में केवल एक्सरे ही नहीं, बल्कि ब्लड प्रेशर, शुगर, हीमोग्लोबिन और कुपोषण (BMI) की भी स्क्रीनिंग की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि यदि किसी को दो हफ्ते से ज्यादा खांसी, बुखार या वजन गिरने जैसे लक्षण हों, तो वे नजदीकी सरकारी अस्पताल या गाँव में चल रही मोबाइल एक्सरे यूनिट पर जाकर निःशुल्क जाँच अवश्य कराएं। यह सुविधा बागला अस्पताल सहित जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) पर उपलब्ध है।























