
हाथरस 18 अप्रैल । अलीगढ़ रोड स्थित औद्योगिक आस्थान में पीतल की सिल्ली बनाने वाली फर्म महागौरी मेटल एलॉयज पर राज्य जीएसटी की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) की टीम ने कल कार्रवाई की । एसआईबी मथुरा के संयुक्त आयुक्त अनिल कनौजिया के नेतृत्व में करीब आधा दर्जन अधिकारियों की टीम कल दोपहर करीब 2:30 बजे फैक्ट्री परिसर पहुंची और देर शाम तक गहन जांच पड़ताल जारी रही। टीम ने फर्म के सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड और गोदाम में मौजूद कच्चे व तैयार माल के स्टॉक का बारीकी से मिलान किया। संयुक्त आयुक्त एसआईबी मथुरा, अनिल कुमार कनौजिया ने हमारा हाथरस को विशेष वार्ता में बताया कि विभाग द्वारा किए गए डेटा एनालिसिस के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टीम फर्म के वित्तीय रिकॉर्ड और स्टॉक की स्थिति की जांच कर रही है। औद्योगिक क्षेत्र में हुई इस अचानक छापेमारी से अन्य कारोबारियों में नाराजगी देखी गई।























