Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अप्रैल । जिले के यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सफर की सौगात देते हुए हाथरस डिपो ने नोएडा रूट पर एसी बस सेवा का ट्रायल शुरू कर दिया है। डिपो को हाल ही में प्राप्त हुई दो नई वातानुकूलित (एसी) बसों को परीक्षण के तौर पर इस मार्ग पर उतारा गया है। अब तक इस रूट पर सरकारी एसी बस सेवा न होने के कारण यात्रियों को मजबूरन निजी बसों का सहारा लेना पड़ता था, लेकिन इस नई पहल से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। परिवहन निगम द्वारा फिलहाल यात्रियों की संख्या और उनकी प्रतिक्रिया के आधार पर बसों का संचालन किया जा रहा है। डिपो प्रभारी मंगेश कुमार ने बताया कि यदि ट्रायल के दौरान यात्रियों का रिस्पांस संतोषजनक रहता है, तो इस सेवा को स्थायी रूप से लागू कर दिया जाएगा।

नोएडा मार्ग पर चलने वाली इन एसी बसों के लिए फिलहाल अस्थायी समय सारिणी तैयार की जा रही है। डिपो प्रबंधन इस बात का बारीकी से निरीक्षण कर रहा है कि दिन के किस समय यात्रियों की संख्या सबसे अधिक रहती है, ताकि उसी के अनुरूप स्थायी टाइम-टेबल निर्धारित किया जा सके। किराये की बात करें तो हाथरस से नोएडा के बीच एसी बस का सफर करने के लिए यात्रियों को 407 रुपये का भुगतान करना होगा। रोडवेज प्रशासन का मानना है कि इस नई सेवा से न केवल यात्रियों को उच्च स्तरीय सुविधा मिलेगी, बल्कि डिपो की आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस नई शुरुआत को लेकर स्थानीय यात्रियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page