
हाथरस 19 मार्च । मुल्क भर में ईद के चाँद का इंतज़ार कर रहे अकीदतमंदों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। गुरुवार शाम मगरिब की नमाज़ के बाद आसमान में अर्धचंद्राकार चाँद देखने की कोशिश की गई, लेकिन आसमान साफ न होने या चाँद न दिखने के कारण दीदार नहीं हो सका। इसके बाद जामा मस्जिद के काजी व मुफ़्ती अकील अहमद नकवी ने आधिकारिक घोषणा की है कि हाथरस में इस वर्ष ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार, 21 मार्च को मनाया जाएगा। मुफ़्ती अकील अहमद नकवी ने बताया कि चूंकि आज चाँद नज़र नहीं आया है, इसलिए कल यानी शुक्रवार, 20 मार्च को रमजान का 30वां रोजा रखा जाएगा। खास बात यह है कि इस बार 20 मार्च को ही रमजान का आखिरी जुमा यानी ‘अलविदा जुमा’ भी रहेगा। 30 रोजे पूरे करने के बाद शनिवार की सुबह देशभर की ईदगाहों और मस्जिदों में ईद की विशेष नमाज़ अदा की जाएगी। सऊदी अरब समेत कई खाड़ी देशों में 20 मार्च को ईद मनाए जाने की पुष्टि पहले ही हो चुकी थी, लेकिन भारत में चाँद के दीदार के आधार पर अब शनिवार को जश्न मनाया जाएगा। इस घोषणा के साथ ही बाजारों में ईद की खरीदारी के लिए रौनक और बढ़ गई है।
























