Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 मार्च । पारिवारिक विवादों को सुलझाने और बिखरते परिवारों को जोड़ने की दिशा में हाथरस महिला थाना पुलिस ने एक सराहनीय मिसाल पेश की है। थाना प्रभारी रितु तोमर की सूझबूझ और संवेदनशील पहल से दो परिवारों के बीच चल रहा गहरा विवाद आपसी सहमति से समाप्त हो गया। सासनी थाना क्षेत्र के ग्राम सुसायत खुर्द निवासी दो महिलाओं ने अपने-अपने पति और ससुराल पक्ष के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी रितु तोमर ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर विस्तृत काउंसलिंग की। घंटों चली बातचीत के दौरान पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को रिश्तों की अहमियत समझाई और विवाद को कानूनी प्रक्रिया के बजाय शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए प्रेरित किया। पुलिस की प्रभावी समझाइश का सकारात्मक असर हुआ और ससुराल पक्ष ने भविष्य में किसी भी प्रकार की अभद्रता या मारपीट न करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्षों ने अपनी शिकायतें वापस लेते हुए आपसी सहमति से मामला समाप्त कर दिया। महिला थाना पुलिस की इस सूझबूझ भरी कार्रवाई की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है, जिससे न केवल एक बड़ा विवाद टल गया बल्कि परिवार में पुनः शांति स्थापित हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page