
हाथरस 19 मार्च । आर्य समाज के स्थापना दिवस और नव संवत्सर के पावन अवसर पर गुरुवार को शहर में एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सासनी गेट स्थित आर्य समाज मंदिर से शुरू हुई इस शोभायात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। शोभायात्रा में विभिन्न आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिनमें कन्या गुरुकुल सासनी की छात्राओं और विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों द्वारा दिखाए गए हैरतअंगेज करतब शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों को त्यागने और स्वामी दयानंद सरस्वती के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया गया। प्रतिभागी हाथों में स्वामी दयानंद के उपदेशों और सामाजिक सुधार से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी इस यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष गौरव आर्य, मूलचंद वार्ष्णेय, संजय सक्सेना, मोहन पंडित, अंकित गॉड, महेश वर्मा, मुंशी राम, बुद्ध सैन आर्य, सुरेश चंद्र आर्य, भूपेंद्र सिंह, नितिन महेश्वरी, बीना आर्य, वेद प्रकाश आर्य शास्त्री, बुद्धसेन आर्य, सुरेंद्र शर्मा उर्फ कबड्डी बाबा और वीरेंद्र सिंह राठौर सहित बड़ी संख्या में आर्य समाज के पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सुरक्षा की दृष्टि से पूरी यात्रा के दौरान पुलिस बल मुस्तैद रहा।























