
हाथरस 19 मार्च । जनपद के स्मार्ट प्री-पेड मीटर उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने एक महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किया है। विभाग की ओर से बताया गया है कि स्मार्ट प्री-पेड मीटर बिल्कुल प्री-पेड मोबाइल कनेक्शन की तरह कार्य करता है। यदि उपभोक्ता के मीटर का बैलेंस शून्य (Zero) या निगेटिव (Negative) में चला जाता है, तो सिस्टम द्वारा बिजली आपूर्ति अपने आप बंद कर दी जाएगी। इस असुविधा से बचने के लिए उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे नियमित रूप से अपने बैलेंस की जांच करते रहें और कम बैलेंस का अलर्ट मिलते ही तुरंत रिचार्ज करा लें। उपभोक्ता घर बैठे यूपीआई (Google Pay, PhonePe, Paytm), विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.uppcl.org या UPPCL Consumer App के माध्यम से आसानी से ऑनलाइन रिचार्ज कर सकते हैं। इसके अलावा विभागीय काउंटरों पर भी रिचार्ज की सुविधा उपलब्ध है। समय पर रिचार्ज करने से न केवल 24×7 बिजली मिलती रहेगी, बल्कि अचानक होने वाली कटौती और री-कनेक्शन की प्रक्रिया में लगने वाले समय की भी बचत होगी। किसी भी तकनीकी सहायता के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं।
























