
हाथरस 19 मार्च । एसओजी और थाना हाथरस गेट पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले मुख्य आरोपी को गुरुग्राम, हरियाणा से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। घटना के अनुसार, 11 मार्च 2026 को बीएच मील निवासी व्यापारी राहुल वार्ष्णेय से अभियुक्त रामू उर्फ भूपेंद्र और उसके साथी राजकुमार ने फोन पर 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित चार टीमों ने सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से अभियुक्त की लोकेशन कृष्णा कॉलोनी, गुरुग्राम में ट्रैक की, जहाँ से उसे धर दबोचा गया। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने और उसके साथी ने इस घटना से 15 दिन पहले भी डरा-धमका कर व्यापारी से 20 हजार रुपये वसूल किए थे। गिरफ्तार अभियुक्त रामू उर्फ भूपेंद्र एक शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट जैसे 08 संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। मामले का दूसरा नामजद आरोपी राजकुमार पहले ही गैंगस्टर एक्ट के तहत न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है। प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट और एसओजी प्रभारी की इस संयुक्त कार्यवाही की व्यापारिक जगत में सराहना की जा रही है।





















