Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 मार्च । थाना हाथरस गेट पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए महादेव कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में गठित टीम ने यक्ष (YAKSH) ऐप और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अभियुक्त की पहचान कर उसे पुलिस लाइन के पीछे दादनपुर रोड से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार अभियुक्त शनिकान्त उर्फ शनि निवासी जोगीपुरा, एक शातिर किस्म का अपराधी है जिस पर पूर्व में भी चोरी, अपहरण और एनडीपीएस जैसे पांच गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने अभियुक्त की निशादेही पर चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं, जिनमें सोने के झाले, टॉप्स, मंगलसूत्र, चैन मय लोकेट, ओम, अंगूठी और चांदी की पायल शामिल हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने कर्ज चुकाने और अपने शौक-मौज पूरे करने के लिए 17 मार्च की रात्रि में श्री मनोज प्रताप के घर में घुसकर अलमारी से यह सामान चोरी किया था और उसे पास की ही ब्रह्मानन्द बगीची में छिपा दिया था। प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना के नेतृत्व वाली पुलिस टीम द्वारा की गई इस त्वरित कार्रवाई और शत-प्रतिशत बरामदगी की क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page