
हाथरस 19 मार्च । उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के बाद पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों द्वारा ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के विरुद्ध एक व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की ध्वनि सीमा की जांच की गई। अभियान के दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र के धर्मगुरुओं से संवाद कर उन्हें शासन की गाइडलाइंस और ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण नियम 2000) की विस्तृत जानकारी दी। इसके बाद, आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मानक से अधिक ध्वनि वाले लाउडस्पीकरों को मौके पर ही हटवाया गया। जिन स्थलों पर अनुमति के साथ लाउडस्पीकर लगे थे, उनकी आवाज को निर्धारित मानकों के अनुसार कम कराया गया। जिले के सभी प्रमुख धर्मगुरुओं ने शासन के इस आदेश का स्वागत किया और स्वयं आगे आकर अतिरिक्त लाउडस्पीकरों को हटाया। धर्मगुरुओं ने पुलिस प्रशासन को आश्वस्त किया कि भविष्य में लाउडस्पीकर की ध्वनि निर्धारित मानक के अनुरूप ही रखी जाएगी। ध्वनि की मात्रा इतनी कम रखी जाएगी कि वह केवल धर्मस्थल परिसर के भीतर ही सुनाई दे और बाहरी जनजीवन प्रभावित न हो।





















