
हाथरस 19 मार्च । प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने तथा चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में बाल विकास, महिला कल्याण एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा एक विशेष प्रदर्शनी एवं कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने विभागीय योजनाओं की जानकारी ली और बाल विकास विभाग के स्टाल पर 05 गर्भवती महिलाओं को ‘पोषण पोटली’ का वितरण किया। इसके साथ ही उन्होंने नन्हे शिशुओं को प्रथम बार अन्न ग्रहण कराते हुए उनका ‘अन्नप्राशन’ संस्कार संपन्न कराया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में नवरात्रि के अवसर पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत नगर पालिका अध्यक्ष ने कन्याओं को रोली-चंदन का टीका लगाकर और चुनरी ओढ़ाकर उनका पूजन किया। इस दौरान कन्याओं को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। दिव्यांगजन विभाग द्वारा संचालित योजनातंर्गत पाँच दिव्यांग बच्चों को श्रवण यंत्र वितरित कर समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया। इसके साथ ही उन्होंने पिछड़वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजना के अंतर्गत ओ-लेवल के छात्र/छात्राओं को प्रमाण पत्र का वितरण किया।
प्रशासनिक अधिकारियों की रही उपस्थिति
नगर पालिका अध्यक्ष ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और लाभार्थियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला विकास अधिकारी (DDO), जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, और जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सहित अन्य विभागीय कर्मचारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।





















