
अयोध्या 08 मार्च । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता और गोवंश को लेकर बिहार के मौलाना अब्दुल्लाह सलीम द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में अयोध्या का संत समाज लामबंद हो गया है। आज तपस्वी छावनी के पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने मौलाना के बयान को सनातन संस्कृति और मातृशक्ति का अपमान बताते हुए तीखा विरोध दर्ज कराया।
पोस्टर जलाकर और रौंदकर जताया विरोध
विरोध स्वरूप परमहंस आचार्य ने मौलाना अब्दुल्लाह सलीम का पोस्टर जलाया। इससे पूर्व उन्होंने पोस्टर को पैरों के नीचे रौंदकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। संत ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय और मातृशक्ति का स्थान सर्वोपरि है, और इनके खिलाफ की गई अपमानजनक भाषा का प्रयोग समाज के लिए अस्वीकार्य है।
एक करोड़ रुपये के इनाम की घोषणा
विरोध प्रदर्शन के दौरान परमहंस आचार्य ने एक विवादास्पद घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मौलाना अब्दुल्लाह सलीम को “72 हूरों के पास” (मृत्यु) भेजेगा, उसे एक करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान समाज में विद्वेष फैलाने वाले हैं और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग
परमहंस आचार्य ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार से मांग की है कि इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने आरोपी मौलाना के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने और उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत सख्त कार्यवाही करने की अपील की है।



































