
हाथरस 03 मार्च । ब्रज की होली की महिमा केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी चमक विदेशों तक फैली हुई है। इसी वैश्विक लोकप्रियता का प्रमाण है कि अमेरिकी देश गयाना (Guyana) ने भगवान श्री कृष्ण और राधा रानी को होली खेलते हुए विशेष डाक टिकट जारी किए हैं। ये दुर्लभ डाक टिकट हाथरस के प्रसिद्ध डाक टिकट संग्रहकर्ता शैलेंद्र वार्ष्णेय सर्राफ के संग्रह की शोभा बढ़ा रहे हैं।
‘बंगला फेस्टिवल’ के नाम से जारी हुए टिकट
गयाना द्वारा ये डाक टिकट ‘बंगला फेस्टिवल’ के नाम से जारी किए गए हैं, जो ब्रज के प्रेम और उल्लास को वैश्विक पटल पर प्रदर्शित करते हैं। शैलेंद्र वार्ष्णेय ने बताया कि केवल गयाना ही नहीं, बल्कि नेपाल और इंडोनेशिया जैसे देशों ने भी होली के सांस्कृतिक महत्व को समझते हुए डाक टिकट जारी किए हैं। यह इस बात का प्रतीक है कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेम और भाईचारे का संदेश है।
भारत सरकार से विशेष अनुरोध
शैलेंद्र वार्ष्णेय सर्राफ ने भारत सरकार से भी यह मांग की है कि जिस तरह विदेशी राष्ट्रों ने भारतीय संस्कृति का सम्मान करते हुए होली पर डाक टिकट जारी किए हैं, उसी तर्ज पर भारत सरकार को भी इस पावन पर्व की स्मृति में डाक टिकट जारी करना चाहिए।






































