Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 27 फरवरी । जीएल बजाज ग्रुप आफ इंस्टीट्यूशंस मथुरा में शुक्रवार को दो दिवसीय तूनव फेस्ट-2026 का शुभारम्भ उत्साह और उमंग के बीच संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी एवं फैशन मेंटर शगुन शुक्ला द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। दो दिन तक चलने वाले इस वार्षिक समारोह में छात्र-छात्राएं विभिन्न खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर अपना कौशल दिखाएंगे। तूनव फेस्ट की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इस अवसर पर प्रो. नीता अवस्थी ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज के समय में हर क्षेत्र में शानदार भविष्य है लिहाजा हमें पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों में भी हिस्सा लेना चाहिए। खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ खेलभावना का विकास होता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं का आह्वान किया कि खूब पढ़ें तथा खेल सहित अन्य गतिविधियों में भी हिस्सा लें ताकि सम्पूर्ण व्यक्तित्व का विकास हो।

प्रो. अवस्थी ने कहा कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में हिस्सा लेने से हम अलग तरह की ताजगी का अनुभव करते हैं। कुछ हद तक ऐसे कार्यक्रम तनाव से भी बचाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, नैतिक तथा सांस्कृतिक विकास के लिए खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाना बहुत जरूरी है। खेलों के माध्यम से हम सभी स्वस्थ जीवन जी सकते हैं। विभिन्न प्रतियोगिताओं से हमारे अंदर एक-दूसरे के साथ मिल-जुलकर रहने का भाव पैदा होता है।

इस अवसर पर प्रो. नीता अवस्थी ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वार्षिक समारोह छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शैक्षणिक, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

तूनव फेस्ट के पहले दिन छात्र-छात्राओं ने नयनाभिराम नृत्य, संगीत, नाटक और समूहगान से दर्शकों का जहां मन मोहा वहीं तकनीकी और प्रबंधन से जुड़े छात्र-छात्राओं ने अपनी नवाचारी परियोजनाओं का भी प्रदर्शन किया, जिसे सभी की सराहना मिली। पहले दिन रोबो रेस विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। तूनव फेस्ट के शुभारम्भ अवसर पर प्रो. वी.के. सिंह, प्रो. संजीव सिंह, डॉ. शशि शेखर, इंजीनियर ऋचा मिश्रा, डॉ. भोले सिंह, डॉ. अजय उपाध्याय, इंजीनियर अंकित गोयल, स्तुति गौतम, प्रमोद सिंह आदि उपस्थित रहे। पहले दिन की विभिन्न गतिविधियों का समापन तूनव फेस्ट की समन्वयक डॉ. शताक्षी मिश्रा के आभार प्रदर्शन से हुआ। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page