Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 16 अगस्त। मंगलायतन विश्वविद्यालय 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराते ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के उत्साह से गूंज उठा। कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के दौरान सभी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग हमें यह स्मरण कराता है कि आजादी केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं है, बल्कि विचारों, विश्वासों और कर्मों की स्वतंत्रता भी इसका अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने युवाओं को देश की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। मंगलायतन विश्वविद्यालय राष्ट्रहित की भावना के अनुरूप विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को नवकौशल, शोध, नवाचार तथा संवैधानिक मूल्यों से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य ऐसी युवा पीढ़ी तैयार करना है, जो ज्ञान और कौशल के साथ राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को भी समझे। कुलसचिव कमांडर मनोज के. और परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने भी विश्वविद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता देश का गौरव है और इसका वास्तविक सम्मान तभी संभव है, जब प्रत्येक व्यक्ति अपने दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी और राष्ट्रहित की भावना से करे। समारोह में एनसीसी कैडेट्स और एनएसएस स्वयंसेवकों ने अनुशासित परेड प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं और उल्लेखनीय कार्यों के लिए विभिन्न विभागों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। समारोह ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page