Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 07 अक्टूबर। मेला पंडाल में मंगलवार रात आयोजित संगीत सम्मेलन में कलाकारों ने सुपरहिट गीतों और शानदार प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पंडाल में मौजूद दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए। कार्यक्रम के दौरान लगातार तालियों और दर्शकों की हूटिंग से पूरा पंडाल गूंजता रहा। अलग-अलग कलाकारों की प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों का मनोरंजन किया। संगीत सम्मेलन का शुभारंभ राष्ट्रीय धर्म संघ के संस्थापक दिव्य कृष्णा गुरुजी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन अनन्या सिंघानिया ने किया। इसके बाद मंच पर एक के बाद एक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।

गायिका सोनिया भाटी ने ‘मेरे ते शादी कर ले’ सहित कई चर्चित गीतों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके बाद गायक किन्नू गडरिया ने अपने चर्चित अंदाज में प्रस्तुति दी। हालांकि कार्यक्रम के दौरान साउंड में तकनीकी समस्या और लिप्सिंग को लेकर दर्शकों की ओर से अपेक्षित उत्साह देखने को नहीं मिला। कलाकार मिस प्रिंसी ने ‘सूट पनिहारी’ जैसे चर्चित गीत पर ग्रुप डांस की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। इसके बाद जैसे ही युवाओं के बीच लोकप्रिय गायक सुमित गोस्वामी मंच पर पहुंचे, दर्शकों ने जोरदार नारों और तालियों के साथ उनका स्वागत किया। सुमित गोस्वामी ने अपने चर्चित हरियाणवी गीत ‘फीलिंग’ समेत कई लोकप्रिय ट्रैक्स प्रस्तुत किए। उनके गीतों पर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और दर्शक झूमते नजर आए।

गायिका आसू ट्विंकल ने अपने चर्चित गीत ‘बुलेट पे गेड़ियां’ की धमाकेदार प्रस्तुति दी। गीत की धुन पर पंडाल में मौजूद दर्शक थिरकते नजर आए। वहीं भजन गायक अर्जुन पांडेय ने लोकप्रिय भजन ‘राधा तेरा नाम जपूं’ प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भक्ति का रंग भर दिया। कार्यक्रम में कलाकार जीतू राघव और अंकित पाबला ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन किया। आयोजन के दौरान राष्ट्रीय धर्म संघ के जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक जय शर्मा, सह-संयोजक एवं युवा भाजपा नेता राहुल धनगर, कार्यक्रम अध्यक्ष मुनेश पाल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

सपना चौधरी के नहीं पहुंचने से मायूस दिखे दर्शक

संगीत सम्मेलन को लेकर पहले हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम में पहुंचने की चर्चाएं थीं। हालांकि प्रशासन की ओर से अनुमति नहीं मिलने के कारण वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हुईं। सपना चौधरी को मंच पर नहीं देखकर कुछ दर्शक मायूस नजर आए। इसके बावजूद अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद भीड़ का मनोरंजन किया और देर रात तक पंडाल में संगीत का माहौल बना रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page