
हाथरस 07 अक्टूबर। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव पुरा खुर्द में हरे यूकेलिप्टस पेड़ों के अवैध कटान का मामला सामने आया है। वन विभाग की तहरीर के आधार पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया है। वन विभाग के अनुसार मौके पर करीब 70 हरे यूकेलिप्टस के पेड़ कटे हुए मिले हैं। बीट प्रभारी लाडपुर राजकुमार ने थानाध्यक्ष हाथरस जंक्शन को दी तहरीर में बताया कि पांच अक्टूबर की शाम उन्हें सूचना मिली थी कि गांव पुरा खुर्द में हरे यूकेलिप्टस के पेड़ों का अवैध रूप से कटान किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वह वन रक्षक शिवा सिसौदिया के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो खेत मालिक हरिओम के खेत में करीब 70 हरे यूकेलिप्टस के पेड़ कटे हुए मिले। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि ठेकेदार रामकिशोर निवासी मथुरापुर, थाना हसायन और हरिओम निवासी बोनई ने बिना विभागीय अनुमति के इन पेड़ों का कटान कराया। वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने तक आरोपी कथित तौर पर लकड़ी को मौके पर छोड़कर वहां से चले गए। बीट प्रभारी की तहरीर के आधार पर हाथरस जंक्शन पुलिस ने रामकिशोर और हरिओम के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वन विभाग द्वारा मौके पर मिले कटे हुए पेड़ों और लकड़ी के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पेड़ों के कटान के लिए विभागीय अनुमति ली गई थी या नहीं, इस संबंध में पुलिस और वन विभाग द्वारा उपलब्ध दस्तावेजों एवं अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।








