
हाथरस 30 अगस्त । आगामी त्योहारों के मद्देनजर शहर की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और निराश्रित गोवंश के संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने शनिवार देर रात नगर पालिका परिषद हाथरस क्षेत्र के विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों में सफाई और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति देखी। कुछ स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को ऐसे सभी स्थानों को चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र के सभी वार्डों में लगी स्ट्रीट लाइटों का नियमित निरीक्षण कराया जाए और खराब लाइटों को तत्काल बदलवाया जाए। वहीं, जिन स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार प्रकाश व्यवस्था नहीं है, वहां नई स्ट्रीट लाइट लगवाने की कार्रवाई की जाए, ताकि रात के समय नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
डीएम ने शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी अतिक्रमण की समस्या है, वहां अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्रमुख चौराहों और मार्गों को अतिक्रमणमुक्त रखते हुए यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर जोर दिया। साथ ही अभियान के बाद दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर दिखाई नहीं देने चाहिए। कूड़े का नियमित उठान कर निर्धारित स्थलों पर ही उसका उचित निस्तारण कराया जाए। बाजारों, प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
देर रात भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश और नंदी की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित गोवंश को चिन्हित कर निर्धारित एवं संचालित गो-आश्रय स्थलों में संरक्षित कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे एक ओर गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, वहीं सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को भी कम किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने निराश्रित गोवंश की संख्या और उनके विचरण वाले स्थानों का प्रारंभिक आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान स्वच्छता, प्रकाश, अतिक्रमण नियंत्रण और यातायात सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, उप जिलाधिकारी सदर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।













