
हाथरस 30 अगस्त । पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौमे पैदाइश के मौके पर रविवार, 30 अगस्त को शहर में परंपरागत तरीके से जुलूस-ए-मोहम्मदी शान और अकीदत के साथ निकाला गया। जुलूस का शहर में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने स्वागत किया। जुलूस के दौरान नबी की शान में नात और सलाम पेश किए गए तथा माहौल में धार्मिक नारों की गूंज सुनाई देती रही। जुलूस अब्बासी ऑल इंडिया के प्रदेश उपाध्यक्ष रहीस अहमद अब्बासी के नेतृत्व में रविवार सुबह किला गेट से शुरू हुआ। जुलूस को सैयद हाफिज नदीम हुसैन, जमील अहमद, मुन्ना सिंह पुंढीर एडवोकेट, विजय सिंह प्रेमी, दिनेश देशमुख, मौलाना मंजूर आलम, रामनारायण काके, वीरी सिंह कर्दम, शरद उपाध्याय नंदा, मोहर सिंह, प्रकाशचंद्र, सौबी कुरैशी एवं मुजुलउर्रहमान ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जुलूस किला गेट से प्रारंभ होकर जामा मस्जिद चौराहा, नयागंज, चक्की बाजार, सर्कुलर रोड, सासनी गेट, बागला मार्ग, रामलीला मैदान, पंजाबी मार्केट, तालाब चौराहा, मथुरा रोड, मधुगढ़ी, मौलवी अल्लाह बख्श रोड, घास मंडी, सादाबाद गेट, पुलिस चौकी, बस स्टैंड, लोहट बाजार, मोती बाजार, नयागंज, पुरानी सब्जी मंडी और चामड़ गेट होते हुए वापस किला गेट स्थित जामा मस्जिद पहुंचा, जहां जुलूस का समापन हुआ। जुलूस में विभिन्न धार्मिक एवं आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। मक्का-मदीना की झांकी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जुलूस में युवा डीजे की धुनों पर उत्साह के साथ आगे बढ़ते दिखाई दिए, जबकि लोग नबी की शान में नात और सलाम पेश करते रहे। कई स्थानों पर जुलूस में शामिल लोगों के लिए प्रसाद एवं अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किया गया।
जुलूस को लेकर प्रशासन एवं पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। मार्ग में पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था पर भी निगरानी रखी गई, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके। इस अवसर पर विनय शर्मा, मोहर सिंह, प्रकाशचंद्र, हाजी नवाब, शाहिद कुरैशी, बल्लू कुरैशी, मिर्जा अजहर, अजीम, हुमायूं खान, मंजूर अहमद अब्बासी, साबिर हुसैन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।














