
हाथरस 17 अक्टूबर । दशहरा पर्व पर रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कोतवाली नगर क्षेत्रांतर्गत एमजी पॉलीटेक्निक स्थित रावण दहन स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर एवं उपजिलाधिकारी सदर ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं और तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। अधिकारियों ने कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुरक्षा और भीड़ को व्यवस्थित रखने के लिए जरूरी इंतजामों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और अग्निशमन सहित अन्य आपातकालीन व्यवस्थाओं को तैयार रखने पर जोर दिया गया। प्रशासन और पुलिस का उद्देश्य दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए रावण दहन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराना है।






