
हाथरस 10 सितम्बर। बैंक कर्मचारियों के संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) द्वारा बैंकिंग क्षेत्र से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण एवं लंबित मांगों को लेकर 11 सितंबर 2026 को एक दिवसीय अखिल भारतीय बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। हड़ताल के प्रमुख मुद्दों में 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, सभी पात्र बैंक कर्मचारियों को Performance Linked Incentive (PLI) का लाभ देना, यूनियनों के साथ दोतरफा वार्ता के माध्यम से PLI योजना में आवश्यक सुधार एवं बदलाव करना तथा बैंक कर्मचारियों से संबंधित अन्य लंबित मांगों और मुद्दों का शीघ्र समाधान करना शामिल है।
इसी क्रम में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस, हाथरस इकाई द्वारा 11 सितंबर को प्रातः 11 बजे उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय, मुंशी गजाधर सिंह मार्ग, अलीगढ़ रोड, हाथरस पर धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संगठन के संयोजक पुष्पांकर जैन ने बताया कि बैंक कर्मचारी अपनी लंबित मांगों के समर्थन में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगे। उन्होंने मीडिया से कार्यक्रम में उपस्थित होकर धरना प्रदर्शन को कवर करने तथा बैंक कर्मचारियों की मांगों एवं भावनाओं को जनसामान्य तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की है। UFBU हाथरस इकाई का कहना है कि कर्मचारियों की जायज एवं लंबित मांगों के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। 11 सितंबर का यह आंदोलन इन्हीं मांगों को प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।










