
सादाबाद 12 मई । फरीदाबाद में क्षेत्र के नगला ध्यान गांव निवासी 23 वर्षीय इंद्रजीत पुत्र अशोक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव एस्कॉर्ट नगर क्षेत्र में एक पेड़ से लटका मिला, साथ ही उसके हाथ की नस भी कटी हुई पाई गई। परिजनों के अनुसार, इंद्रजीत फरीदाबाद हरियाणा की एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत था और किराए के क्वार्टर में रहता था। घटना वाली शाम वह अपने क्वार्टर से दवा लेने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिलने पर उसके साथी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि इंद्रजीत के हाथ की नस भी कटी हुई थी। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से उतारा और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर रात शव गांव नगला ध्यान लाया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में शोक छा गया। परिजनों ने इंद्रजीत की मौत को संदिग्ध बताया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके। मंगलवार सुबह गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया, जहां सैकड़ों ग्रामीणों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। इंद्रजीत परिवार का बड़ा बेटा था। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


























