
हाथरस 27 जून । नगर के प्रमुख स्टेशनरी व्यवसाय अशोक कुमार गुप्ता ने आज कर्ज के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शहर के प्रमुख स्टेशनरी कारोबारी 55 वर्षीय अशोक कुमार गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता, जिनका कि सर्कुलर रोड पर अशोक स्टेशनरी के नाम से उनका स्टेशनरी का कारोबार है। दुकान के ऊपर ही उनका घर भी है। आज सुबह वह सामान्य दिनों की तरह 5: 30 पर उठे। जैसे ही परिजन सुबह करीब 6:30 बजे उनके कमरे में दाखिल हुए , वह फांसी पर लटके हुए मिले । परिजनों के अनुसार अशोक कुमार गुप्ता ने अपने कारोबार के लिए बैंक के अलावा कई लोगों से करोड़ों रुपए का कर्ज ले रखा था, जिसके चलते वह मानसिक रूप से काफी परेशान थे। अशोक कुमार गुप्ता अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़कर गए हैं। उनकी दो बेटियां व एक बेटे है सभी की शादी हो चुकी है । वहीं पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
























