सासनी 14 जुलाई। गांव मोहरिया के मजरा अलीपुर में आज बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में एक 16 वर्षीय किशोरी छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीपुर निवासी सुमित की 16 वर्षीय पुत्री राधिका आज शाम अपने घर की छत पर सूखे कपड़े उतारने गई थी। इसी दौरान छत पर मौजूद बंदरों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बंदरों के हमले से घबराई राधिका खुद को बचाने का प्रयास करने लगी, लेकिन इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर गई। हादसे के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे सासनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में बंदरों के बढ़ते आतंक को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन लोग घायल हो रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













