
हाथरस 27 नवंबर। जनपद में आमजन को सुलभ, सस्ता एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 नवंबर को मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित मामलों के निस्तारण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष विनय कुमार-तृतीय के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली इस विशेष लोक अदालत में लंबित वाहन चालानों एवं मोटर वाहन अधिनियम से संबंधित वादों का निस्तारण आपसी सुलह-समझौते के आधार पर किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने बताया कि विशेष लोक अदालत का आयोजन जनपद न्यायालय परिसर के साथ-साथ बाह्य न्यायालय सादाबाद एवं सिकंदराराऊ में भी किया जाएगा, ताकि तहसील स्तर के वादकारियों को भी इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से विवादों का निस्तारण होने पर किसी भी पक्ष की हार या जीत नहीं होती। लोक अदालत का निर्णय अंतिम होता है और इसके विरुद्ध अपील का प्रावधान नहीं है। इसके अलावा लोक अदालत में किसी प्रकार का न्याय शुल्क देय नहीं होता तथा पूर्व में जमा कोर्ट फीस भी नियमानुसार वापस हो जाती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वाहन चालान एवं संबंधित लंबित मामलों के पक्षकारों, अधिवक्ताओं और संबंधित विभागों से विशेष लोक अदालत में शामिल होकर मामलों का त्वरित निस्तारण कराने की अपील की है।









