सादाबाद 27 नवंबर। स्थानीय सादाबाद इंटर कॉलेज में 77वाँ संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के शिक्षकों एवं गणमान्य व्यक्तियों द्वारा भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के छवि चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा संविधान दिवस के महत्व एवं भारतीय संविधान की विशेषताओं पर आधारित भाषण प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया। विद्यालय के विभिन्न वक्ताओं ने भारतीय संविधान के निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, उसके प्रमुख स्रोतों, संविधान सभा की भूमिका तथा संविधान में निहित मूलभूत आदर्शों के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण तथा एक जागरूक नागरिक के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का परिणाम भी घोषित किया गया। इसमें कु. सोनम ने प्रथम, कु. ज्योति ने द्वितीय तथा कु. राधा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रतियोगिता में सराहनीय सहभागिता करने वाले 10 छात्र-छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। उन्होंने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने पर बल दिया। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ अपने संवैधानिक एवं नैतिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से पालन करें तथा समाज में सद्भाव, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रवक्ता मेवाराम ने किया। इस अवसर पर मो. इमरान, धर्मवीर सिंह, प्रदीप कुमार, मो. अखलाक, नाजिया, हिना, कृष्णकांत गौतम सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









