Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 मई। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नि:शुल्क ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ प्रशिक्षण योजना शुरू की गई है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि यह प्रशिक्षण राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से प्रदान कराया जाएगा। योजना के अंतर्गत वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे जो अन्य पिछड़ा वर्ग से संबंधित हों, न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण हों तथा जिनके माता-पिता अथवा अभिभावकों की सभी स्रोतों से कुल वार्षिक आय एक लाख रुपये या उससे कम हो। इच्छुक प्रशिक्षण संस्थाएं 20 मई 2026 से 3 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी, जबकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 16 जून 2026 से 10 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। योजना से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया के लिए पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश तथा ओबीसी कंप्यूटर ट्रेनिंग पोर्टल पर जानकारी उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद प्रशिक्षण संस्थाओं को आवेदन पत्र की हस्ताक्षरित हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 3 जून 2026 सायं 5 बजे तक तथा अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक संलग्नकों सहित 10 जुलाई 2026 सायं 5 बजे तक कार्यालय जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, कक्ष संख्या 208, विकास भवन, हाथरस में जमा कराना अनिवार्य होगा। प्रशिक्षण संस्थाओं का चयन निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा तथा अभ्यर्थियों का चयन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय समिति द्वारा किया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी एवं संस्थाएं विभागीय पोर्टल का अवलोकन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page