
हाथरस 16 जून । जनपद हाथरस में आज कलेक्ट्रेट परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य, सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, पर्यावरण और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश का भी उल्लेख किया गया, जिसमें उन्होंने उत्तर प्रदेशवासियों को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत प्राप्त उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह सफलता दर्शाती है कि आज समाज पर्यावरण संरक्षण के प्रति पूरी तरह जागरूक और प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की जनभागीदारी आधारित पहलें न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश के हरित भविष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ अथवा धरती माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है और प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जुड़ना चाहिए।


























