
सिकन्दराराऊ 31 जुलाई। एटा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर” के तहत एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव जिमिसपुर निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने श्री सुल्तान सिंह विद्यापीठ एवं श्री सुल्तान सिंह जूनियर हाई स्कूल, नयावास (एटा) के नाम से एक चालू बैंक खाता संचालित कर रखा था। इस खाते का उपयोग विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी के जरिए प्राप्त धनराशि जमा करने के लिए किया जा रहा था। जांच के दौरान बैंक खाते और लेनदेन का विश्लेषण करने पर पता चला कि इस खाते में विभिन्न राज्यों से लगभग 2.80 लाख रुपये की साइबर ठगी की रकम जमा हुई थी। इसके आधार पर एटा पुलिस ने सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव जिमिसपुर निवासी संजय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा ठगी का नेटवर्क कितना व्यापक है। उधर, सिकंदराराऊ कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है, लेकिन पूरा प्रकरण एटा जनपद से संबंधित है। इसलिए इस मामले में आगे की जांच एवं विधिक कार्रवाई एटा पुलिस द्वारा ही की जा रही है।





