Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

Spor karşılaşmalarına hızlı bahis yapmak için bahsegel kategorisi seçiliyor.

हाथरस 31 अक्टूबर। जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने और उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार मंडल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यमियों की समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निवेश संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी और विभागीय लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योग बंधु समिति केवल एक औपचारिक मंच नहीं है, बल्कि यह उद्यमियों और प्रशासन के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम है। सभी विभागीय अधिकारी उद्यमियों के प्रति सकारात्मक एवं संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें। उन्होंने जनपद में प्रस्तावित एवं प्रगतिरत औद्योगिक निवेश की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत आवेदन पत्रों पर तत्काल कार्रवाई की जाए और प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि शासन की विभिन्न औद्योगिक योजनाओं के अंतर्गत उद्यमियों को मिलने वाले अनुदान एवं ऋण का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के दौरान कार्यालय जिला उद्योग केंद्र को वाटर वर्क्स, हाथरस में स्थापित किए जाने के लिए 3000 वर्ग मीटर भूमि आवंटन, मंडी पोर्टल पर दाल प्रसंस्करण इकाइयों के विरुद्ध प्रदर्शित कथित अवैध कर देयता एवं संबंधित धनराशि को शून्य घोषित किए जाने, ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना, अलीगढ़ रोड स्थित नाले की समुचित सफाई तथा मिनी औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन को शिफ्ट किए जाने सहित कई महत्वपूर्ण समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि समस्याओं का प्रभावी एवं शीघ्र समाधान किया जा सके और जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके। बैठक में उपायुक्त उद्योग ने मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्तपोषण योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न औद्योगिक योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों से संबंधित व्यवस्थाओं और निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निस्तारण की स्थिति से भी अवगत कराया। सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना के लिए भूमि की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी प्राप्त आवेदनों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब क्षम्य नहीं होगा।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों एवं व्यापारियों को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस प्रशासन सदैव तत्पर है और उनकी सेवा एवं सुरक्षा के लिए 24 घंटे उपलब्ध है। उन्होंने व्यापारियों से शहर को बेहतर एवं सुरक्षित बनाने तथा विकास कार्यों में प्रशासन और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। साथ ही आश्वासन दिया कि व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका यथासंभव त्वरित समाधान कराया जाएगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, जिला विकास अधिकारी पीएन यादव, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, उपायुक्त उद्योग, उपायुक्त जीएसटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं व्यापारिक संगठनों की ओर से सुरेश चंद्र अग्रवाल, देवेंद्र मोहता, नितिन अग्रवाल, बांके बिहारी, प्रदीप बंसल, शरद अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया और अपनी समस्याएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page