
सादाबाद 14 अगस्त। क्षेत्र में आज शाम करीब चार बजे दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। इनमें एक बाइक सवार और एक बुजुर्ग शामिल हैं। दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल बाइक सवार को आगरा रेफर कर दिया गया। पहली घटना सादाबाद-मुरसान मार्ग पर हुई। सहपऊ थाना क्षेत्र के नगला मौजी निवासी अशोक कुमार अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी खेतों की ओर से अचानक निकली एक नीलगाय ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अशोक कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर आगरा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर आगरा रवाना हो गए हैं। दूसरी दुर्घटना सादाबाद क्षेत्र में ही हुई। सहपऊ थाना क्षेत्र के तामसी गांव निवासी 75 वर्षीय सूरजपाल सिंह पुत्र रघुवर दयाल को एक ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी। इस हादसे में वह भी घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल बुजुर्ग सूरजपाल सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। इन लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के मद्देनजर ग्रामीणों ने सड़कों पर आवारा पशुओं और वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है।











