
हाथरस 12 अगस्त। मथुरा रोड पर आज सुबह कलेक्ट्रेट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घायलों की पहचान मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव ककरावली निवासी कुलदीप और उनकी मां रानी देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों बाइक से अलीगढ़ स्थित अपने गांव जा रहे थे और बाइक कुलदीप चला रहे थे। कलेक्ट्रेट के पास सामने से आए ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद रानी देवी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मां-बेटे दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाने के साथ फरार ट्रक चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। वहीं, ग्रामीणों ने मथुरा रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










