Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 19 अगस्त। क्षेत्र के गांव सलेमपुर में बुधवार सुबह चरी के खेत में 10 से 12 फुट लंबा अजगर मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। कुछ ग्रामीण शौच के लिए खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्होंने इस विशालकाय अजगर को देखा। अजगर को देखते ही ग्रामीणों में भय फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि यह अजगर राजू नामक व्यक्ति के चरी के खेत में देखा गया था। अजगर के फसल के बीच में चले जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत ग्राम प्रधान और अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलने पर पीआरबी 112 की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया। वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अजगर को पकड़ने का अभियान शुरू किया। चरी की घनी फसल के कारण अजगर को बाहर निकालने में टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी देर की मशक्कत के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने अजगर को सुरक्षित रूप से बाहर निकाल लिया। इस विशालकाय अजगर को देखने के लिए आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। वन विभाग के कर्मचारियों ने अजगर को एक बोरे में सुरक्षित रखा और उसे अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि अजगर को आगरा स्थित कीठम झील में सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। खेत में इतने बड़े अजगर के मिलने की खबर पूरे गांव में चर्चा का विषय बनी रही। वन विभाग की टीम द्वारा अजगर को सुरक्षित निकाले जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इस घटना के दौरान मौके पर काफी देर तक ग्रामीणों और किसानों की भीड़ लगी रही।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page