
हाथरस 15 जून । हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रमनपुर में आज प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया, जहां लखीमपुर खीरी निवासी एक युवती अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और उससे विवाह कर साथ रहने की जिद पर अड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।\ जानकारी के अनुसार युवती और युवक की मुलाकात नोएडा के सेक्टर-80 में रहने के दौरान हुई थी। दोनों पिछले लगभग तीन वर्षों से एक-दूसरे के संपर्क में थे। सोमवार को युवती सीधे अपने प्रेमी के घर पहुंची और उसके साथ रहने की इच्छा जताई। मामले की जानकारी मिलने पर युवती का भाई भी हाथरस पहुंच गया और उसे अपने साथ घर ले जाने का प्रयास किया, लेकिन युवती ने जाने से साफ इनकार कर दिया। युवती का कहना था कि घर लौटने पर उसकी जान को खतरा है। उसने अपने परिजनों और मामा पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया। युवती ने पुलिस के समक्ष कहा कि वह अपनी इच्छा से हाथरस आई है और युवक से विवाह करना चाहती है। वहीं युवक दीपक ने भी युवती को अपने साथ रखने में कोई आपत्ति न होने की बात कही। युवक के परिजनों ने बताया कि करीब एक वर्ष पूर्व भी युवती उनके घर आई थी, लेकिन उस समय उसे उसके परिजनों के साथ वापस भेज दिया गया था। मामले को लेकर हाथरस गेट प्रभारी निरीक्षक नितिन कसाना ने बताया कि युवती बालिग है और वह अपनी इच्छा से यहां आई है। उन्होंने कहा कि यदि युवती द्वारा सुरक्षा की मांग की जाती है तो नियमानुसार उसे सुरक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Next News :-मुरसान : ढाई लाख रुपये के विवाद में सेनेटरी कारोबारी की हत्या मामले में एक आरोपी जेल भेजा
For Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






