Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 06 जून । क्षेत्र के गांव मीरपुर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब गोवर्धन परिक्रमा कर लौट रहे एक श्रद्धालु परिवार की कार अचानक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़ी एक अन्य गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के सामने से परखच्चे उड़ गए। हालांकि, कार के एयरबैग समय पर खुलने के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया और वाहन में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सादाबाद निवासी सूरज सिंह अपने परिवारजनों के साथ गोवर्धन महाराज की परिक्रमा करने गए थे। शनिवार सुबह वे अपनी कार से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी मीरपुर गांव के पास पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण कार अनियंत्रित हो गई। कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी रमेशचंद्र निवासी मीरपुर की गाड़ी से बेहद तेज रफ्तार में जा टकराई। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरा इलाका दहल उठा। धमाके जैसी आवाज सुनते ही आस-पास के ग्रामीण और खेतों में काम कर रहे लोग तुरंत घटनास्थल की ओर भागे और घायलों की मदद की। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त गाड़ी से फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही सूरज सिंह की कार के एयरबैग खुल गए थे। एयरबैग खुलने की वजह से ड्राइवर समेत कार में बैठे किसी भी सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई। सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं, जिससे ग्रामीणों और परिवार ने राहत की सांस ली। इस टक्कर में दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोग और ग्रामीण एकत्र हुए। किसी भी प्रकार की जनहानि न होने के कारण, दोनों पक्षों ने आपसी सूझबूझ का परिचय दिया। सामाजिक संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सामाजिक समझौता हो गया और मामला मौके पर ही रफा-दफा कर लिया गया। इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई कानूनी या पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page