
हाथरस 12 मई । सदर कोतवाली क्षेत्र के खोड़ा हजारी इलाके में आज एक शिक्षक की अचानक हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान 40 वर्षीय ललित गौतम निवासी बुर्ज वाला कुआं के रूप में हुई है। ललित गौतम पिछले करीब 14 वर्षों से खोड़ा हजारी क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहे थे। वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं। परिवार में पत्नी के अलावा 15 वर्षीय पुत्र है। स्वजन के अनुसार सोमवार को ललित गौतम घर से बाइक से कहीं जाने के लिए निकले थे। जैसे ही उन्होंने बाइक स्टार्ट की, उन्हें अचानक घबराहट महसूस हुई और सीने में तेज दर्द उठा। तबीयत अधिक बिगड़ती देख वह पास स्थित साईं मंदिर की सीढ़ियों पर जाकर बैठ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही सेकंड बाद उनकी हालत और खराब हो गई और वह मंदिर की सीढ़ियों पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी। इसके बाद स्वजन और पड़ोसी उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार ललित गौतम की मृत्यु हार्ट अटैक के कारण हुई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वह मंदिर की सीढ़ियों पर बैठते और कुछ ही क्षण बाद अचानक गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है। पत्नी और पुत्र का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रवासियों ने भी ललित गौतम के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार करते हुए बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।





















