Hamara Hathras

Latest News

सासनी 19 अगस्त। एसबीएस यूनियन स्कूल सासनी में पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के रचनात्मक विजन ‘पंख’ स्नेल राइटिंग कॉम्पिटिशन का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में लेखन, पठन एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति की क्षमता को बढ़ावा देना रहा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सीओ योगेंद्र कृष्ण नारायण, इंस्पेक्टर अवधेश कुमार सिंह एवं सब इंस्पेक्टर ममता सिंह की टीम ने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं को दिशा प्रदान की। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपने सपनों के भारत, भविष्य और समाज के सामने मौजूद विभिन्न चुनौतियों जैसे ज्वलंत मुद्दों पर अपने विचार कागज और कलम के माध्यम से पत्र के रूप में मुख्यमंत्री के नाम लिखे। विद्यार्थियों द्वारा लिखे गए पत्रों को पुलिस प्रशासन की टीम द्वारा एकत्रित कर अपने साथ ले जाया गया।

कार्यक्रम के दौरान आधुनिक तकनीकी युग में बच्चों में किताब पढ़ने और लिखने की आदत कम होने तथा स्क्रीन टाइम बढ़ने को गंभीर चुनौती बताया गया। इस बात पर जोर दिया गया कि विद्यार्थियों को पुस्तक पठन एवं लेखन की ओर आकर्षित कर उनकी रचनात्मक क्षमता को विकसित किया जाना आवश्यक है। विद्यालय के डायरेक्टर डॉ. विकास सिंह ने विद्यार्थियों में पढ़ने और लिखने की आदत को विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पठन-पाठन और लेखन के माध्यम से ही बच्चों में नई सोच, खोज एवं सृजन शक्ति का विकास होता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। प्रधानाचार्य दुर्गेश पचौरी ने आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से युवा अपनी जिज्ञासाओं को शांत कर रहे हैं, लेकिन तकनीक का अत्यधिक प्रयोग उन्हें किताबें पढ़ने और नए साहित्य के सृजन जैसी मूल आदतों से दूर कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पाठ्य सहगामी गतिविधियों में विद्यार्थियों की सहभागिता से उनकी लेखन क्षमता में सुधार होगा और उन्हें समाज को नई दिशा देने के लिए अपने विचार व्यक्त करने का मंच मिलेगा। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता की। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को न केवल अपनी कल्पनाशक्ति और विचारों को शब्दों में व्यक्त करने का अवसर मिला, बल्कि पठन एवं लेखन की आदत को मजबूत करने की दिशा में भी प्रेरणा मिली।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page