हाथरस 17 अगस्त। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा कार्यालय, लखनऊ के 12 अगस्त 2026 के पत्र के क्रम में जनपद के परिषदीय विद्यालयों में विशेष विद्यालय स्वच्छता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन, स्थलीय निरीक्षण एवं अनुश्रवण के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपद, तहसील एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित करते हुए उनकी ड्यूटी निर्धारित की है। जिलाधिकारी ने बताया कि वर्षा ऋतु को देखते हुए विशेष स्वच्छता अभियान के दौरान विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल स्रोतों, रसोईघर एवं छतों की साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही विद्यालय परिसरों में जलभराव की समस्या के निराकरण तथा जर्जर भवनों के चिन्हीकरण और उनके सत्यापन की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने नामित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 19, 21, 22 एवं 25 अगस्त 2026 को अपने आवंटित विकासखंड एवं न्याय पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों का सघन भ्रमण कर स्वच्छता अभियान का स्थलीय निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में आवश्यक व्यवस्थाओं का सत्यापन करते हुए प्रत्येक विद्यालय की निरीक्षण आख्या निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से दोपहर 2 बजे तक अनिवार्य रूप से उपलब्ध करानी होगी। जिलाधिकारी ने बताया कि निरीक्षण आख्या के लिए निर्धारित गूगल फॉर्म एवं पत्र में दिए गए क्यूआर कोड का प्रयोग किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि सभी निरीक्षण आख्याओं को संकलित कर उसी दिन शाम 5 बजे तक संकलित रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी, हाथरस के माध्यम से जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। डीएम अतुल वत्स ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी नामित अधिकारियों को निरीक्षण कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करते हुए निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण एवं स्वच्छता अभियान के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और इसके लिए संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।













